रीवा ख़बर : कलेक्टर ने आमजनता के 121 आवेदन पत्रों में की जनसुनवाई

आमजनता के आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में आमजनता के 121 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी जनसुनवाई के आवेदनों का सात दिवस में निराकरण करें। आवेदन पत्र में की गई कार्यवाही को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करें। साथ ही आवेदक को भी निराकरण से अवगत कराएं। सभी एसडीएम हर सप्ताह जनसुनवाई के आवेदन पत्रों के निराकरण की विभागवार समीक्षा करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी तथा अन्य अधिकारियों ने भी आमजनता के आवेदनों में सुनवाई की।

जनसुनवाई में बलराम आहूजा निवासी वार्ड क्रमांक 22 रीवा ने धारणाधिकार अधिनियम के तहत आवासीय पट्टे के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम हुजूर को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। राधिका प्रसाद तिवारी निवासी ग्राम क्योटी ने खसरे में सुधार के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार सिरमौर को आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। अंतिम प्रजापति निवासी ग्राम सितलहा ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को साप्ताहिक मेडिकल बोर्ड की बैठक में आवेदक की जाँच कराकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कराने के निर्देश दिए। गंगा सागर मिश्रा ने जमीन के मुआवजे के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने प्रभारी अधिकारी भू अर्जन शाखा कलेक्ट्रेट को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। पुरूषोत्तम पटेल निवासी ग्राम इटहा ने खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने अधीक्षण यंत्री ऊर्जा को आवेदन पत्र में कार्यवाही के निर्देश दिए। हरीश तिवारी निवासी मोहनिया ने जमीन के भू अर्जन की राशि भुगतान के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने प्रभारी अधिकारी भू अर्जन शाखा कलेक्ट्रेट को आवेदक को राशि भुगतान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें
error: Content is protected !!