चालू माह की लंबित शिकायतों का निराकरण कर रैंकिंग सुधारें – कलेक्टर

रीवा। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी चालू माह में दर्ज शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके विभाग की रैंकिंग सुधारें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि विभाग रैंकिंग में सी और डी श्रेणी में न रहे। राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग तथा पीएचई विभाग लंबित आवेदनों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। इन सभी विभागों में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। सभी एसडीएम लंबित प्रकरणों की व्यक्तिगत रूचि लेकर प्रतिवेदन दर्ज कराएं तथा प्रकरणों का निराकरण करें। सभी अधिकारी समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण कराएं।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि गेंहू उपार्जन के लिए सभी तैयारियाँ समय रहते पूरी कर लें। राजस्व अधिकारी पंजीकृत किसानों द्वारा उपार्जन के लिए दर्ज रकबे का शत-प्रतिशत सत्यापन करें। सभी एसडीएम गिरदावरी तथा फसल कटाई प्रयोग का मौके पर जाकर सत्यापन करें। संकल्प से समाधान अभियान में शेष बचे आवेदन पत्रों का निराकरण करके पोर्टल पर प्रतिवेदन दर्ज कराएं। जिले में 19 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जाएगा। अभियान से जुड़े विभागों के अधिकारी 15 मार्च तक अभियान की चरणवार कार्ययोजना प्रस्तुत करें। अभियान के तहत पुराने जल स्रोतों के जीर्णोद्धार, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, वृक्षारोपण की तैयारी तथा हैण्डपंपों में रिचार्ज पिट बनाने के कार्य प्राथमिकता से शामिल करें। सभी एसडीएम अभियान के दौरान तालाबों के जल भराव क्षेत्र और मेड़ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कठोरता से करें। सभी जल संरचनाओं को खसरे में दर्ज कराएं।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 14 और 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीके लगाए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टीकाकरण के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार तथा काउंसलिंग की व्यवस्था करें। जिला शिक्षा अधिकारी चिन्हित छात्राओं को टीकाकरण केन्द्र तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था करें। इसके लिए शिक्षकों को तैनात करें। जिला संयोजक जनजातीय कार्य भी छात्रावास की 14 और 15 वर्ष की छात्राओं को नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्र ले जाकर टीके लगवाएं। कैंसर से बचाव के टीके नि:शुल्क लगाए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टीकाकरण का लक्ष्य एक माह में पूरा कराएं। इसके लिए प्रत्येक बीएमओ को प्रतिदिन टीकाकरण का लक्ष्य दें। गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा चिकित्सकों की 14 और 15 साल की बेटियों को टीके लगवाकर इसका प्रचार-प्रसार कराएं, जिससे अन्य लोग किशोरियों के टीकाकरण के लिए प्रेरित हों।

बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे ने कहा कि सभी अधिकारी लंबित जल कर का भुगतान कराएं। समय पर भुगतान न होने पर पानी की आपूर्ति में बाधा होगी। इसी तरह कई विभागों में बिजली बिलों की बड़ी राशि बकाया है। इसका एक सप्ताह में भुगतान कराएं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान में जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े कार्यों का विवरण और फोटो जल शक्ति मंत्रालय के पोर्टल पर अपलोड कराएं। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी परियोजना अधिकारी मनरेगा से आईडी और पासवर्ड प्राप्त कर लें। अभियान के दौरान नहरों की साफ-सफाई तथा गत वर्ष के जल संरक्षण के अधूरे कार्यों को पूरा कराने का प्रयास करें। बैठक में जिला नजूल अधिकारी को शिल्पी प्लाजा ए ब्लॉक और बी ब्लॉक में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now