कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित एजेण्डा बिन्दुओं पर तत्परता से कार्यवाही करें। अपने संचालनालय से संपर्क करके विभाग से जुड़े रैंकिंग के बिन्दुओं की जानकारी लें। इन बिन्दुओं पर तत्परता से कार्यवाही करके विभाग की रैंकिंग में सुधार करें। किसी भी स्थिति में जिला प्रदेश की रैंकिंग में अंतिम 10 जिलों में न रहे। सभी कार्यालय प्रमुख शासन द्वारा निर्धारित मासिक और त्रैमासिक समीक्षा बैठक समय पर आयोजित कराकर कार्यवाही विवरण पोर्टल पर दर्ज कराएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और खसरा सुधार के प्रकरण तय समय सीमा में निराकृत करें। प्रकरणों के समय सीमा में निराकरण न होने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। एसडीएम हर सप्ताह प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। सभी तहसीलदार फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में तत्परता से कार्यवाही करें। पटवारियों की आईडी से किसान के जमीन से संबंधित जानकारी दर्ज कराएं। साथ ही वनाधिकार पट्टे प्राप्त सभी हितग्राहियों को भी फार्मर रजिस्ट्री कराकर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराएं। संकल्प से समाधान अभियान में राजस्व विभाग से संबंधित आवेदन पत्रों का भी निराकरण करके जानकारी दर्ज करें।
कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, गर्भवती एनिमिक महिलाओं की पहचान तथा समय पर उपचार एवं कम पोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर प्रयास करें। सीवियर एनिमिक महिलाओं को आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन लगाने तथा अन्य उपचार देने के बाद उसकी जानकारी पोर्टल पर अपडेट कराएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ्य सूचकांकों को बेहतर करने के लिए मैदानी अमले को सचेत करें। प्रत्येक विकासखण्ड में शिविर लगाकर महिलाओं और शिशुओं की स्वास्थ्य रक्षा, गर्भवती महिलाओं की देखभाल तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करें। लापरवाही बरतने वाले बीएमओ तथा स्वास्थ्य कर्मियों पर कड़ी कार्यवाही करें। धरती आबा योजना के तहत चिन्हित जनजाति हितग्राहियों तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के शेष बचे व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर लगाएं। ग्राम रोजगार सहायक तथा ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से छूटे हुए सभी व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं। इसमें लापरवाही बरतने वाली आशा कार्यकर्ताओं पर कड़ी कार्यवाही करें। निक्षय अभियान के तहत हर क्षय रोगी को समय पर उपचार और फूड बास्केट उपलब्ध कराएं। प्रसव के दौरान महिला की मौत तथा शिशुओं की मौत की प्रत्येक घटना का ऑडिट कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि उप संचालक पशुपालन कामधेनु योजना में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रकरण दर्ज कराकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति कराएं। उप संचालक पशुपालन ने बताया कि योजना में 33 आवेदन पत्र दर्ज कराए गए हैं। इनमें से 13 आवेदन पत्र बैंकों द्वारा स्वीकृत कर दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास मुख्यमंत्री बाल आरोग्य योजना में सभी कुपोषित बच्चों का पंजीयन कराएं। पोषण पुनर्वास केन्द्र में शत-प्रतिशत बेड भरे रहना सुनिश्चित करें। पोषण पुनर्वास केन्द्र से डिस्चार्ज होने वाले बच्चों का नियमित फालोअप कराकर पोर्टल पर जानकारी अपडेट कराएं। जिला शिक्षा अधिकारी जनशिक्षकों द्वारा स्कूलों के निरीक्षण की जानकारी पोर्टल पर तत्काल अपडेट कराएं। इसमें लापरवाही बरतने वाले बीईओ के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करें। छात्रवृत्ति की शेष राशि का भी भुगतान कराएं। कलेक्टर ने कहा कि वनाधिकार समिति की खण्ड और जिला स्तर पर बैठक आयोजित करके सभी अमान्य दावा प्रकरणों का तीन दिवस में पुन: परीक्षण कराएं। सभी अधिकारी कमिश्नर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर कार्यवाही करके जानकारी अपडेट कराएं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




