स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान संचालित किया जायेगा। अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सा शिविरों व स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किये जायेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचानकर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किशोरियों में पोषण व एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में समुदाय की सक्रिय भागीदारी ही इस अभियान का उद्देश्य है। अभियान को अन्तर विभागीय सहयोग से प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी के माध्यम से संचालित किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।




