सीएम हेल्पलाइन में अधिकारी विभाग की ग्रेडिंग सुधारें – डॉ सोनवड़े

कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। डॉ सोनवड़े ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में तथ्यपूर्ण प्रतिवेदन दर्ज करके संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। अभी से लगातार प्रयास करेंगे तभी स्थिति में सुधार होगा। अगस्त माह की शिकायतों तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का निराकरण करके विभाग की ग्रेडिंग सुधारें। विभाग के ग्रेडिंग में सी और डी ग्रेड में रहने पर कार्यवाही की जाएगी। कोई भी प्रकरण लेवल-1 से बिना किसी कार्यवाही के यदि लेवल-2 पर गया तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा ट्राईबल विभाग लंबित आवेदनों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। प्रत्येक गुरूवार को शिविर लगाकर सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण कराएं।

बैठक में डॉ सोनवड़े ने कहा कि एसडीएम अपने अनुभाग में सप्ताह में दो दिन भ्रमण करके आंगनवाड़ी केन्द्र, उचित मूल्य दुकान, स्कूल तथा अस्पतालों का निरीक्षण करें। विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत मानीटरिंग करें। अन्य अधिकारी भी क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण करके योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करें। जिला श्रम पदाधिकारी श्रम कल्याण केन्द्र तथा मॉडल रैन बसेरा निर्माण के प्रस्ताव प्रस्तुत करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर दीवाली तक मिठाई, खोवा सहित सभी खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित कराएं। नमूने अमानक पाए जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही करें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन हर सप्ताह प्रस्तुत करें।

बैठक में डॉ सोनवड़े ने कहा कि शहर के सभी फ्लाई ओवर में सड़कों के सुधार तथा रात में प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग चोरहटा से रतहरा माडल रोड में यातायात को सुगम बनाने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराएं। समग्र पोर्टल में हितग्राहियों के ई केवाईसी अपडेशन का कार्य तेजी से पूरा कराएं। इसमें केवल डुप्लीकेट और मृत हितग्राहियों के नाम ही पृथक करें। मुख्यमंत्री जी के कार्यालय तथा मुख्य सचिव जी की मानीटरिंग के आवेदनों का दो दिवस में निराकरण करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। सभी अधिकारी विभागीय समन्वय के मुद्दे टीएल बैठक में प्रस्तुत करें, जिससे इनका निराकरण किया जा सके। सभी एसडीएम तथा अन्य राजस्व अधिकारी खाद के वितरण की सतत निगरानी करें। खाद वितरण केन्द्रों में छाया-पानी की सुविधा सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर राजेश सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now