बोर्ड परीक्षा में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित – कमिश्नर

कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरण तत्परता से निराकृत करें। इसमें 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कराएं। संभाग के सभी जिलों में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं। सभी विभागों के अधिकारी जल संवर्धन और संरक्षण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। धरती पर मानव सहित सभी जीवों और वनस्पतियों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए जल संरक्षण आवश्यक ही नहीं अनिवार्य है। सभी पक्के भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल रैली निकालकर आमजनता को जल संरक्षण से जोड़ें।

कमिश्नर ने कहा कि आज माध्यमिक शिक्षा मण्डल की 12वीं और 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित हुए हैं। इनमें रीवा संभाग का प्रदर्शन शानदार रहा है। प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में संभाग के 66 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है। सिंगरौली की छात्रा प्रज्ञा जायसवाल ने कक्षा 10वीं में 500 में से 500 अंक प्राप्त करके प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में भी अपेक्षा के अनुरूप वृद्धि हुई है। मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले संभाग के सभी विद्यार्थियों को शीघ्र ही सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए अभियान प्रखर के तहत शिक्षकों के प्रशिक्षण सभी जिलों में शुरू कराएं। कमिश्नर ने कहा कि पेंशन प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है। अभी दिसम्बर माह के 22, मार्च के 16 तथा अप्रैल में सेवानिवृत्त होने वाले 32 कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण लंबित हैं। इनका सात दिवस में निराकरण करें। संभागीय समीक्षा बैठक के एजेण्डा बिन्दु पर कार्यवाही विवरण भी दो दिवस में अपडेट करा दें।

बैठक में कमिश्नर ने कहा कि खराब हैण्डपंपों के सुधार का अभियान चलाएं। संभागीय बैठक में 9 मई को पीएचई विभाग एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। नगरीय निकायों में भी पेयजल की आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करें। संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन मऊगंज नगर में पेयजल की आपूर्ति के लिए जल संसाधन विभाग से समन्वय बनाकर पानी की व्यवस्था करें। संयुक्त संचालक उच्च शिक्षा तथा संभागीय प्रबंधक पीआईयू सतना जिले के रामपुर बघेलान, उंचेहरा एवं रामनगर में सीएम राइज स्कूलों का निर्माण तत्काल शुरू कराएं। संभागीय यंत्री लोक निर्माण विभाग रीवा में रेलवे ओवर ब्रिज एवं रेलवे स्टेशन रोड पर संकेतक तथा स्पीड ब्रोकर की व्यवस्था करें। बैठक में कमिश्नर ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, पेंशन के वितरण, बिजली लाइनों के वर्षा के पूर्व मेंटीनेंस, पशुओं के टीकाकरण तथा सभी स्कूलों में विद्युत कनेक्शन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ एमएल गुप्ता, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा आरपी सिंह, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, मुख्य यंत्री ऊर्जा आईके त्रिपाठी तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now