जल गंगा संवर्धन अभियान में जल स्त्रोतों की सफाई और खेत तालाबों का हो रहा निर्माण

रीवा और मऊगंज जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एक ओर नदियों के उद्गम स्थल तथा जल कुण्डों एवं कुओं की साफ-सफाई की जा रही है। वहीं दूसरी ओर वर्षा के जल को संचित करने के लिए खेत तालाब एवं अमृत सरोवरों का निर्माण किया जा रहा है। कुंओं और ट्यूबवेलों में रिचार्ज पिट बनाकर भी पानी को सहेजने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मऊगंज जिले में ग्राम बाराती और गढ़वा में पाँच किसानों के खेतों में जनपद पंचायत के उपयंत्री द्वारा खेत तालाब निर्माण का लेआउट दिया गया। नईगढ़ी विकासखण्ड में ग्राम अकौरी में जन अभियान परिषद और महिला स्वसहायता समूहों ने मिलकर मटिहरा नदी की साफ-सफाई और पुनर्जीवन कार्य में श्रमदान किया। जल चौपाल और रैली के माध्यम से जल संरक्षण के संदेश दिए गए। जन अभियान परिषद ने रीवा जिले के सिरमौर विकासखण्ड में ग्राम बगढा दुबे में ग्रामीणों के सहयोग से झिरिया कुण्ड की साफ-सफाई तथा जीर्णोद्धार का कार्य संपन्न किया। जवा विकासखण्ड के ग्राम दिव्यगवां में किसानों के साथ जल संवाद का आयोजन करके उन्हें कम पानी में अच्छी उपज देने वाली फसलों की जानकारी दी गई।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्यों के साथ-साथ पानी को बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। जन अभियान परिषद तथा मंगल युवा कल्याण समिति ने जवा विकासखण्ड के ग्राम ऊंचा डीह में रैली निकालकर जल संरक्षण का संदेश दिया साथ ही ग्राम के खोखला तालाब में साफ-सफाई तथा गहरीकरण में श्रमदान किया। हनुमना विकासखण्ड के ग्राम सलैया खास में भी जल चौपाल का आयोजन किया गया। अभियान के तहत नईगढ़ी विकासखण्ड के ग्राम पिपरा में नाला ड्रिंचिंग का कार्य किया जा रहा है। ग्राम पंचायत माड़ौ में आमजनता के सहयोग से तुर्रा नाले के सूखे पड़े पुराने जल स्रोत तथा बावड़ी की साफ-सफाई की गई। इसकी साफ-सफाई और पत्थर तोड़ने के बाद जल स्रोत से पुन: पानी की अविरल धारा शुरू हो गई है। अभियान के तहत ग्राम फूल की हरिजन बस्ती और बस स्टैण्ड में ग्राम पंचायत तथा पीएचई विभाग ने मिलकर पेयजल की व्यवस्था की। अभियान के तहत मनरेगा के 29 अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराकर उनका पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किया गया। जनपद पंचायत मऊगंज की ग्राम पंचायत ऊधापुरवा में तीन किसानों के खेतों में खेत तालाब का निर्माण शुरू कराया गया। इसी तरह जिले भर में जल संरक्षण के कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now