चाकघाट। नेशनल हाईवे तीस चाकघाट में बाजार फीस के नाम पर ठेकेदार एवं उनके कर्मचारियों द्वारा वाहनों से अवैध वसूली का खेल जोरों-शोरों से चल रहा है। इस संबंध में चाकघाट व्यापार मंडल एवं कई क्षेत्रीय लोगों द्वारा साक्ष्यों के माध्यम से रीवा एसपी, कलेक्टर सहित तमाम सक्षम अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद नेशनल हाईवे में अवैध वसूली का खेल खत्म नहीं हो रहा है। आरोपों के अनुसार यूपी से एमपी की सीमा में यदि कोई वाहन प्रवेश कर नेशनल हाईवे से गुजर रहा है तो तमाम वाहनों से जबरदस्ती अवैध पैसा वसूला जा रहा हैं। इसी प्रकार एमपी से यूपी सीमा की ओर नेशनल हाईवे तीस से जाने वाले वाहनों से अवैध वसूली हो रहा है। उक्त अवैध वसूली का खेल बॉर्डर हाईवे, मंत्री चौराहा हाईवे, बघेड़ी नेशनल हाईवे में चल रहा है। एमपी के प्रवेश द्वार पर चल रहे इस कथित अवैध वसूली के कारण तमाम जगहों में नगर की किरकिरी हो रही है।
20 किलोमीटर में दो टोल
वाहन मालिकों द्वारा कहां गया कि यूपी-एमपी सीमा में 30 किलोमीटर की एरिया में गन्ने, झिरिया दो टोल पड़ता है। वाहन मालिकों के ऊपर पहले से ही अतिरिक्त रोड टैक्स का बोझ है। इसके बावजूद एमपी-यूपी सीमा स्थित अवैध रूप से पैसे की वसूली हो रही है। इस कारण वाहन मालिकों का अतिरिक्त शोषण हो रहा है। वाहन मालिकों का कहना है कि नगर परिषद चाकघाट क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे में पैसे वसूलने को लेकर कोई नियम नहीं है। पूरे मामले में नगर परिषद के सीएमओ, नगर परिषद अध्यक्ष मौन बने हुए हैं। शीघ्र ठोस कार्रवाई हेतु अधिकारियों व त्योंथर विधायक से व्यापारियों ने मांग की है।





