कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में जिला समन्वय एवं विकास समिति दिशा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि सभी अधिकारी बैठक में तथ्यपूर्ण जानकारी दें। गत बैठक की तुलना में शासन की योजनाओं में प्रगति का विवरण बैठक में प्रस्तुत करें। अधिकारी यदि भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी देने की कोशिश करेंगे तो उनके विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। गरीबों का उत्थान और जनकल्याण सरकार और प्रशासन की साझी जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी इसका ठीक से निर्वहन करें। समूह नलजल योजनाओं की प्रगति बहुत धीमी है। जल जीवन मिशन तथा पीएचई विभाग के अधिकारी दिसम्बर माह तक पानी की टंकियों का निर्माण कराकर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें। एकल नलजल योजनाओं में भी पानी की आपूर्ति का सर्वे कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। समूह नलजल योजनाओं से पुरानी नलजल योजना की टंकियों को भी पानी दिया जाएगा। इसके लिए समन्वित प्रयास करें। संचालित नलजल योजनाओं का सत्यापन कराकर संबंधित विधायकगणों तथा जनपद अध्यक्षों को सूची प्रस्तुत करें।
सांसद ने कहा कि अक्षय ऊर्जा के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना अत्यंत लाभकारी है। इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में इस योजना से सोलर सिस्टम स्थापित कराएं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सभी ग्राम पंचायत भवनों तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी सभी नगर पंचायतों में सूर्यघर योजना से सोलर सिस्टम स्थापित कराएं। शासकीय भवनों के साथ-साथ निजी घरों में भी इस योजना से सोलर सिस्टम स्थापित कराएं जिससे बिजली के बिलों में कमी आएगी और अक्षय ऊर्जा का लाभ बढ़ेगा। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से लक्ष्य के अनुसार हर पात्र परिवार को आवास का लाभ दें। शहरी क्षेत्र में एसडीएम हितग्राहियों के आवासीय पट्टे स्वीकृत करें जिससे उन्हें आवास योजना का लाभ मिल सके। कल्याणी बहनों को भी शासन के मापदण्डों के अनुसार आवास योजना का लाभ दें।
बैठक में सांसद ने कहा कि बिजली विभाग की आरडीएसएस योजना से रीवा और मऊगंज जिले में 271 फीडरों में स्वीकृत फीडर सेपरेशन का कार्य केवल 103 फीडरों में पूरा हुआ है। शेष 157 फीडरों में दिसम्बर माह तक फीडर सेपरेशन का कार्य पूरा कराएं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में फेज 4 में नए गांवों और छूटे हुए मजरे टोलों के नाम सर्वे सूची में शामिल करें। इस संबंध में विधायकों द्वारा प्रस्तावित बसाहटों का सत्यापन कराकर डीपीआर मंट गांव के नाम शामिल करें। जिले में 50 हजार मुनगे के पौधे रोपे जाएंगे। पोषण वाटिका, पोषण वन, आंगनवाड़ी केन्द्र तथा शाला परिसरों में 29 और 30 सितम्बर को समारोहपूर्वक मुनगे के पौधे रोपित कराएं। बैठक में सांसद ने उच्च शिक्षा विभाग की रूसा योजना से शहर के तीन महाविद्यालयों में आवंटित राशि से किए गए कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह ने पंचायतों को हस्तांतरित नलजल योजनाओं के सुचारू संचालन, समूह नलजल योजना से जुड़े निर्माण कार्यों तथा फीडर सेपरेशन के संबंध में सुझाव दिए। विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली की आपूर्ति एवं पेयजल की आपूर्ति में कठिनाई से जुड़े मुद्दे उठाए। बैठक में श्री राजेश पाण्डेय ने समूह नलजल योजना, फीडर सेपरेशन एवं वृक्षारोपण के संबंध में सुझाव दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना से अब तक एक लाख 42 हजार 256 परिवारों को पक्के आवास दिए जा चुके हैं। वर्तमान में 6572 आवास निर्माणाधीन हैं। बैठक में जिला खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने सांसद कप खेल प्रतियोगिता की जानकारी दी। परियोजना अधिकारी जिला पंचायत संजय सिंह ने बैठक में मुनगा वृक्षारोपण की कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवणे, विधायक प्रतिनिधिगण, जनपद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




