रीवा शहर का तेजी से विकास हो रहा है। शहर में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इन वाहनों के लिए चौड़ी सड़कों की आवश्यकता है। घनी आबादी के क्षेत्र में पर्याप्त जमीन उपलब्ध न होने के कारण सड़कों को पर्याप्त चौड़ा करने में कठिनाई है। इस समस्या का समाधान फ्लाईओवर निर्माण से हो रहा है। रीवा में सिरमौर चौराहे में पहले फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया था। इससे चौराहे में लगने वाले जाम की समस्या से मुक्ति मिली। सिरमौर चौराहे से सिरमौर की ओर जाने वाले मार्ग में इंजीनियरिंग कालेज, यूनिवर्सिटी सहित अनेक शिक्षण संस्थान हैं। इस मार्ग पर भी वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण आवागमन में बहुत अधिक समय लगता था। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के विशेष प्रयासों से सिरमौर चौराहा फ्लाईओवर में थर्ड लेग का निर्माण बोदाबाग तथा यूनिवर्सिटी रोड की ओर किया गया। इसके बन जाने से सिरमौर चौराहे में आवागमन सुगम हो गया है।
इस संबंध में कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सेतु वसीम खान ने बताया कि थर्ड लेग के निर्माण के लिए 26 मई 2022 को शासन से स्वीकृति प्राप्त हुई। इसके लिए 39 करोड़ 42 लाख 77 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई। इसके निर्माण की जिम्मेदारी मेसर्स विन्ध्या कन्स्ट्रक्शन कंपनी सतना को सौंपी गई। शहर का व्यस्ततम चौराहा होने के कारण निर्माण कार्य में कई तरह की बाधाएं आईं। सड़क के मध्य में फ्लाईओवर के लिए पिलर बनाने के साथ-साथ सर्विस रोड के किनारे सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन लगाने का कार्य नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर किया गया। निर्धारित अवधि से 6 माह पहले ही थर्ड लेग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। रात में रंगीन प्रकाश से जगमग फ्लाईओवर का थर्ड लेग रीवा शहर को और अधिक खूबसूरत बनाता है। थर्ड लेग के निर्माण से सिरमौर चौराहा और बोदाबाग में लगने वाले वाहनों के जाम की समस्या समाप्त हो गई है। साथ ही सिविल लाइन रोड पर भी वाहनों का अतिरिक्त दबाव समाप्त हो गया है। सेतु निगम में रीवा शहर को इस वर्ष थर्ड लेग के रूप में बड़ी सौगात दी है।




