मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। हालाँकि अपने विवादित बयानों की वजह से वो सुर्ख़ियों में ही रहते हैं। लेकिन एक बार फिर उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं जिसकी वजह से पूरी पार्टी की किरकिरी हो गई। जानकरी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में राहुल गाँधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिग्विजय सिंह ने जम्मू में केंद्र की सरकार पर सीधा निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि सरकार सर्जिकल स्ट्राइक की बात करती है , लेकिन सबूत नहीं देती है, केवल झूठ के पुलिंदा से ये राज कर रहे हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक पर फिर सवाल
कांग्रेस वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक पर हमला बोला है। हाल ही में जम्मू कश्मीर के दौरे में पुलवामा आतंकी हमले के बाद हुए सर्जिकल स्ट्राइक को कांग्रेस ने एक बार फिर झूठा बताया है। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर फिर हमला करते हुए कहा है कि ‘ये सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं लेकिन प्रमाण कुछ नहीं है, केवल झूठ का पुलिंदा से ये राज कर रहे हैं’। उन्होंने कहा कि केंद्र ने आज तक संसद के समक्ष सर्जिकल स्ट्राइक या पुलवामा आतंकी हमले पर कोई रिपोर्ट नहीं रखी गई है। उन्होंने भाजपा सरकार पर झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया है।
सोमवार को जम्मू में हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पुलवामा हमले को लेकर आज तक कोई रिपोर्ट नहीं जारी की गई और ना ही 2016 में हुए सर्जिकल स्ट्राइक पर का कोई सबूत ही दिया गया है। जिसके बाद भाजपा ने प्रचंड प्रहार शुरू कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने दिग्विजय सिंह के बयान पर कहा
दिग्विजय सिंह के बयान के बाद लोगों की प्रतिक्रिया ने माहौल गरम कर दिया। जिसके बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि दिग्विजय सिंह की टिप्पणी उनके “निजी विचार” थे और पार्टी द्वारा इसका समर्थन नहीं किया गया था। जयराम रमेश ने ट्विटर पर कहा, “वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं और कांग्रेस की स्थिति को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। यूपीए सरकार द्वारा 2014 से पहले सर्जिकल स्ट्राइक किए गए थे। कांग्रेस ने समर्थन किया है।”
भाजपा का पलटवार
इधर दिग्विजय सिंह का बयान आया उधर भाजपा कॉन्ग्रेस पर हमलावर हो गई। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने ट्वीट में कहा कि, “सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर कांग्रेस ने एक बार फिर पुलवामा को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोली है। दिग्विजय सिंह ने 26/11 के लिए भारत को भी जिम्मेदार ठहराया था। राहुल गाँधी ने कहा था सेना की पिटाई हो गई। यह INC नहीं बल्कि PPP – पाक परास्त पार्टी है जो हमारी सेना के मनोबल पर हमला करना पसंद करती है। यह शर्मनाक है।