त्यौंथर, रीवा। शासन के विकास के लाख दावों के बीच त्यौंथर विधानसभा के ढखरा गांव की तस्वीर ने सिस्टम की पोल खोल दी है। गांव में पक्की सड़क न होने के कारण बीमार महिला तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। हालात ऐसे बने कि ग्रामीणों को डोली को ही एंबुलेंस बनाना पड़ा। जानकारी के मुताबिक गांव की एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने 108 को कॉल किया, लेकिन कीचड़ और कच्चे रास्ते के कारण एंबुलेंस गांव से करीब 1 किलोमीटर पहले ही फंस गई। इसके बाद ग्रामीणों ने लकड़ी और कपड़े से बनी डोली पर महिला को लिटाया और कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, तब जाकर उसे अस्पताल भेजा जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से सड़क के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर रीवा कलेक्टर तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी। बरसात में तो गांव टापू बन जाता है।
अब वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा सवाल है – आखिर ढखरा को सड़क कब मिलेगी?





