नवरात्रि के पावन अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना रीवा शहरी अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र पुष्पराज नगर क्रमांक-02, सेक्टर पड़रा में दिनांक 19 अक्टूबर को कन्या पूजन एवं कन्या भोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री द्वारिकाधीश फाउंडेशन (एनजीओ) के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्रीमती संजू सिंह की पहल पर किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्र की 51 बालिकाओं को प्रेमपूर्वक कन्या भोज कराया गया। बालिकाओं को रुचिकर भोजन एवं मिष्ठान परोसने के साथ उपहार भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती राधा मिश्रा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में द्वारिकाधीश फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्रीमती संजू सिंह द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र पुष्पराज नगर क्रमांक-02 को गोद लेने की घोषणा की गई। उन्होंने केंद्र के बच्चों को विद्यालयों की तर्ज पर यूनिफॉर्म एवं शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने तथा आंगनवाड़ी केंद्र को आकर्षक, सुरक्षित एवं बाल सुलभ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस पहल के अंतर्गत केंद्र में बच्चों के अनुकूल वातावरण विकसित करने का कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि नए वर्ष में बच्चों को एक बेहतर, आनंददायक एवं सीखने के अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्र उपलब्ध कराया जा सके। यह सामाजिक सहभागिता बालिकाओं के सम्मान, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है।






