जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने जिले में खनिज न्यास मद से विभिन्न विभागों में स्वीकृत व पूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि सभी कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करें।
कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण कार्यों की सीसी जारी करते हुए उसके साथ कार्य की रंगीन फोटो तथा कार्य स्थल के सूचना पटल की फोटो अवश्य संलग्न करें ताकि उसे भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किया जा सके। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों को गति देते हुए शीघ्रता से पूर्ण करने तथा अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने के भी निर्देश दिये। श्री गुर्जर ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि कार्य स्वीकृति के प्रस्ताव देते समय इस बात की सुनिश्चितता रखें कि कार्य स्थल में जमीन उपलब्ध रहे तथा उसमें किसी भी प्रकार का विवाद न हो। इस दौरान प्रभारी अधिकारी डॉ. संजय सिंह ने जानकारी दी कि जिला खनिज न्यास मद से अभी तक 409 कार्य स्वीकृत हुए हैं जिनमें से 181 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 204 कार्य प्रगतिरत हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




