शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले में बालिकाओं एवं महिलाओं के सम्मान तथा सशक्तिकरण हेतु जिला स्तरीय बालिका तथा महिला सम्मान समारोह का आयोजन होटल स्टार में संपन्न हुआ। जिला स्तरीय समारोह में मेधावी बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही जिले के विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, विकासखण्ड में विविध कार्यक्रम संपन्न हुए। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, लिंग समानता, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह निषेध, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास से संबंधित गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस दौरान रैलियाँ, जागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र, चित्रकला, निबंध, भाषण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित गया। कार्यक्रम में श्रीमती ममता नरेन्द्र मिश्रा, नयन सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित समस्त परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




