शासन द्वारा शुष्क शौचालयों के उपयोग पर प्रतिबंध तथा सिर पर मैला ढोने की प्रथा पर प्रतिबंध की निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। समिति की बैठक कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि सफाईकर्मियों के कल्याण के लिए शासन ने अनेक योजनाएं लागू की हैं। इनका लाभ देकर सफाईकर्मियों के हित संवर्धन में सहयोग करें। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवणे ने कहा कि जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कही भी सर पर मैला ढोने की प्रथा नहीं है। समग्र स्वच्छता अभियान के तहत निर्मित स्वच्छ शौचालयों का उपयोग किया जा रहा है। सफाईकर्मियों के कल्याण के लिए भी शासन की योजनाओं का भलीभाँति क्रियान्वयन किया जा रहा है। बैठक में संयुक्त कलेक्टर तथा प्रभारी अधिकारी आदिमजाति कल्याण विभाग पीके पाण्डेय ने समिति के उद्देश्यों तथा कार्यों की जानकारी दी। बैठक में समिति के सदस्यगण तथा सफाईकर्मियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




